नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (15 मार्च) को कहा कि उन्होंने लगभग सात देशों से होर्मुज़ जलडमरूमध्य को खुला रखने के लिए अपने युद्धपोत भेजने की मांग की है. हालांकि, ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच तेल की कीमतें बढ़ने के बावजूद उनकी इस अपील पर अभी तक किसी देश की ओर से ठोस प्रतिबद्धता नहीं मिली है.
इस बीच तेहरान ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि उसने ईरान के तेल निर्यात के मुख्य टर्मिनल वाले खार्ग द्वीप पर हमले करने के लिए संयुक्त अरब अमीरात में मौजूद ‘बंदरगाहों, गोदियों और ठिकानों’ का इस्तेमाल किया.
वहीं जंग खत्म होने के कोई संकेत नहीं मिलने के बीच भारत में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ती जा रही हैं.
‘रणनीतिक स्वायत्तता’ आखिर है क्या?
भारत की पूर्व विदेश सचिव निरुपमा राव ने लिखा है कि रणनीतिक स्वायत्तता का उद्देश्य भारत के विकल्पों का विस्तार करना था. अब सवाल यह है कि क्या भारत ऐसे विश्व में, जहां बड़ी शक्तियां लगातार नियमों को बदल रही हैं, इन विकल्पों का स्पष्टता के साथ इस्तेमाल करने के लिए तैयार है.
उन्होंने लिखा कि अगर रणनीतिक स्वायत्तता केवल सरकारी भाषणों में दोहराया जाने वाला एक वाक्य बनकर रह जाती है, तब धीरे-धीरे इसका महत्व खत्म हो जाएगा. लेकिन अगर संकट के समय यह आत्मविश्वासपूर्ण और स्वतंत्र कूटनीति का आधार बनती है, तब यह भारत की सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक ताकतों में से एक बनी रहेगी.
दुबई एयरपोर्ट के पास आग
अल जज़ीरा ने एक वीडियो फुटेज जारी किया है, जिसमें दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास आग जलती हुई दिखाई दे रही है. संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों के अनुसार, एक ड्रोन के ईंधन टैंक से टकराने के बाद यह आग लगी.
Footage shows a fire burning near Dubai International Airport after a drone ignited a fuel tank, according to authorities in the UAE.
Flights have been suspended. Civil defence crews say the blaze is under control. pic.twitter.com/G8q4ECnjB3
— Al Jazeera Breaking News (@AJENews) March 16, 2026
दुबई से आने-जाने वाली उड़ानें स्थगित
दुबई आने और यहां से जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है. एयरलाइन एमिरेट्स ने यात्रियों से फिलहाल एयरपोर्ट न आने की अपील की है.
All flights to and from Dubai have been temporarily suspended.
Please do not go to the airport.
Emirates will share updates when available. We would like to thank our customers for their understanding and patience.
The safety of our passengers and crew is our highest priority… pic.twitter.com/m5eIloT2wk
— Emirates Support (@EmiratesSupport) March 16, 2026
‘मैं इन देशों से मांग कर रहा हूं कि वे आएं…’
डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि उन्होंने लगभग सात देशों से होर्मुज़ जलडमरूमध्य को सुरक्षित रखने के लिए अपने युद्धपोत भेजने की मांग की है. अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के चलते तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं.
हालंकि, ट्रंप ने उन देशों के नाम बताने से इनकार कर दिया, जो पश्चिम एशिया के कच्चे तेल पर काफी हद तक निर्भर हैं और जिनसे अमेरिका जलडमरूमध्य की सुरक्षा के लिए गठबंधन में शामिल होने को लेकर बातचीत कर रहा है.
उन्होंने कहा, ‘मैं इन देशों से मांग कर रहा हूं कि वे आएं और अपने ही क्षेत्र की रक्षा करें, क्योंकि यह उनका ही क्षेत्र है.’ ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका को इस समुद्री मार्ग की उतनी जरूरत नहीं है, क्योंकि उसके पास तेल तक अपनी पहुंच मौजूद है.’
ट्रंप ने यह बात फ्लोरिडा से वॉशिंगटन लौटते समय पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कही.
