डीडी नॉस्टैल्जिया की वापसी: फ्लॉप शो, ब्योमकेश बख्शी, फौजी जैसे शो अब WAVES OTT पर

प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म WAVES OTT ने ‘डीडी नॉस्टैल्जिया’ नाम से एक खास प्लेलिस्ट लॉन्च की है, जिसमें दूरदर्शन के मशहूर क्लासिक सीरियल्स जैसे ‘फ्लॉप शो’, ‘फौजी’, ‘ब्योमकेश बख्शी’, ‘चाणक्य’ और कई दुर्लभ प्रस्तुतियां अब पूरी तरह मुफ्त में देखी जा सकती हैं।

'डीडी नॉस्टैल्जिया' प्लेलिस्ट

नई दिल्ली: दूरदर्शन के ज़माने के वे मशहूर धारावाहिक जिन्होंने 80 और 90 के दशक में दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी, अब एक बार फिर डिजिटल माध्यम पर लौट आए हैं. प्रसार भारती के ओटीटी प्लेटफॉर्म WAVES OTT ने ‘डीडी नॉस्टैल्जिया’ नाम से एक विशेष प्लेलिस्ट लॉन्च की है, जिसमें ‘फ्लॉप शो’, ‘ब्योमकेश बख्शी’, ‘फौजी’, ‘चाणक्य’ जैसे आइकॉनिक सीरियल्स को शामिल किया गया है.

खास बात यह है कि इन कार्यक्रमों को देखने के लिए किसी तरह की सब्सक्रिप्शन फीस नहीं देनी होगी — यह पूरी तरह निःशुल्क है.

इस प्लेलिस्ट में अनुपम खेर और पूजा भट्ट की ‘डैडी’, सुरेखा सीकरी और इरफान खान की ‘सांझा चूल्हा’, मुकेश खन्ना की ‘चुन्नी’, पल्लवी जोशी और आर. माधवन की ‘आरोहण’, शाहरुख खान के करियर की शुरुआत का सीरियल ‘फौजी’ और ‘चाणक्य’ जैसे क्लासिक शोज़ शामिल हैं.

प्रसार भारती का यह प्रयास ऐसे वक्त में सामने आया है जब ज्यादातर ओटीटी प्लेटफॉर्म करोड़ों रुपये के बजट में बने शो और ग्लैमर से भरी सीरीज़ के सहारे व्यूअर्स को आकर्षित करने की होड़ में लगे हैं. WAVES OTT इसके उलट भारतीय संस्कृति, भाषाई विविधता और दूरदर्शन-आकाशवाणी की विरासत को डिजिटल फॉर्म में संरक्षित करने का काम कर रहा है.

इस प्लेटफॉर्म पर केवल क्लासिक शो ही नहीं, बल्कि कुछ नई प्रस्तुतियां भी दर्शकों का ध्यान खींच रही हैं. इनमें जया बच्चन की ‘सदाबहार’, पंकज झा की ‘सरपंच साहब’, संजय मिश्रा की ‘कोट’ व ‘जाइये आप कहां जाएंगे’ और ‘करियट्ठी’ जैसी फिल्में और वेब सीरीज़ भी शामिल हैं.

WAVES OTT पर दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक, आकाशवाणी की दुर्लभ रिकॉर्डिंग्स, फिल्म्स डिवीजन की डॉक्यूमेंट्रीज़, और एनएफडीसी द्वारा निर्मित चयनित फिल्में भी उपलब्ध हैं.

प्रसार भारती का यह नया कदम उन दर्शकों के लिए खास है जो दूरदर्शन के ‘स्वर्णिम युग’ को एक बार फिर जीना चाहते हैं, साथ ही उन नई पीढ़ियों के लिए भी जो भारत की समृद्ध टेलीविजन विरासत को देखना और समझना चाहती हैं.