अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अपने पिछले बयान को दोहराते हुए कहा कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा. भारत सरकार ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, वहीं विपक्षी कांग्रेस ने सवाल किया कि नरेंद्र मोदी ने भारत के फैसले लेने का हक़ ट्रंप को क्यों दे दिया है, सीजफायर से लेकर रूस से तेल न खरीदने का फैसला ट्रंप क्यों कर रहे हैं? यह देश का अपमान है.
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को 24 सितंबर को लेह में सुरक्षा बलों की गोलीबारी में चार प्रदर्शनकारियों की मौत की घटना के न्यायिक जांच का आदेश दिया है. इसी दिन सूबे के प्रशासन ने लेह ज़िले में सार्वजनिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया है. कहा जा रहा है कि यह रोक नागरिक समाज द्वारा शनिवार को प्रस्तावित 'शांति मार्च' को विफल करने के लिए लगाई गई है.
दलित आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार की मौत से जुड़े विवाद में अब हरियाणा पुलिस ने मृतक की पत्नी, आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार, उनके भाई और पंजाब के विधायक अमित रतन और दो अन्य के ख़िलाफ़ एएसआई संदीप लाठर की खुदकुशी मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साज़िश रचने का मामला दर्ज किया है.
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने हसदेव अरण्य क्षेत्र के एक गांव के निवासियों को दिए गए सामुदायिक वन अधिकारों को रद्द करने पर सवाल उठाने वाली याचिका ख़ारिज कर दी है. इसी क्षेत्र में अडानी समूह की एक सहायक कंपनी दो कोयला खदानों का संचालन करती है.
केंद्र सरकार ने अडानी पावर के गोड्डा प्लांट को भारतीय ग्रिड से जोड़ने की अनुमति दे दी है. अब तक यह प्लांट केवल बांग्लादेश को बिजली आपूर्ति करता था. इस फैसले से कंपनी को भारत की वितरण कंपनियों को भी बिजली बेचने का रास्ता मिल गया है.
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा जारी मासिक आंकड़ों के अनुसार,15 से 29 वर्ष के युवाओं में बेरोज़गारी दर अगस्त के 14.6% से बढ़कर सितंबर में 15% तक पहुंच गई. वहीं, सितंबर में देश की बेरोज़गारी दर बढ़कर 5.2% हो गई, अगस्त में यह दर 5.1% दर्ज की गई थी.
पश्चिम बंगाल में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध के मामलों में दोषसिद्धि दर बेहद कम है. 2017 से 2023 के बीच औसतन केवल 5% मामलों में सज़ा हुई, जो 2023 में घटकर 3.7% रह गई. यह देश में दूसरा सबसे निचला स्थान है.
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने केंद्र सरकार के पुनर्विचार अनुरोध के बाद अपने पिछले फैसले में बदलाव करते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के जस्टिस अतुल श्रीधरन का तबादला अब छत्तीसगढ़ की बजाय इलाहाबाद हाईकोर्ट करने की सिफारिश की है.
उत्तर प्रदेश के संभल ज़िले में प्रशासन ने कल्कि धाम मंदिर परियोजना के पास बनी लगभग 30 साल पुरानी मस्जिद को अवैध बताते हुए गिरा दिया है. अधिकारियों का कहना है कि यह मस्जिद सार्वजनिक पार्क के लिए निर्धारित ज़मीन पर बनाई गई थी.
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि पीएम मोदी ने उन्हें आश्वासन दिया कि भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा. राहुल गांधी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि मोदी ट्रंप से डरे हुए हैं. वहीं विदेश मंत्रालय का बयान आया है कि भारत अपने उपभोक्ता के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
महाराष्ट्र के रत्नागिरी ज़िले के वारकरी गुरुकुल के प्रमुख 'भगवान' कोकरे महाराज और शिक्षक प्रीतेश प्रभाकर कदम पर एक छात्रा का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है. दोनों आरोपियों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर लिया गया है.
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के नए नियमों के तहत पीएफ की आंशिक निकासी आसान हुई है, लेकिन अंतिम सेटलमेंट की अवधि बढ़ा दी गई है. 25% न्यूनतम शेष राशि के नियम से बेरोजगार कर्मचारियों और मध्यवर्ग में चिंता बढ़ी है, जबकि सरकार इसे सुरक्षा और उच्च ब्याज लाभ देने वाला कदम बता रही है.
मध्य प्रदेश के मंदसौर में सरकारी कॉलेज के यूथ फेस्टिवल के दौरान कपड़े बदलती छात्राओं का गुप्त वीडियो बनाने के आरोप में एबीवीपी से जुड़े तीन छात्र नेताओं को गिरफ्तार किया गया है. प्रिंसिपल की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
जनजातीय कार्य मंत्रालय की संस्था ने सभी एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों को छात्रों में ‘हिंदी भाषा के प्रति रुचि’ जगाने का निर्देश दिया है. परिपत्र में कहा गया है कि हिंदी सिखाने की ज़िम्मेदारी सभी शिक्षकों की होगी.
तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन पर कथित शराब घोटाले में ईडी की मनी लॉन्ड्रिंग जांच पर लगी रोक को सुप्रीम कोर्ट ने बढ़ा दिया है. सुनवाई के दौरान सीजेआई ने ईडी के ख़िलाफ़ कड़ी टिप्पणी करने ख़ुद को रोकते हुए कहा, ‘पिछले छह सालों में मैंने ईडी के कई मामले देखे हैं. लेकिन मैं ज़्यादा कुछ नहीं कहना चाहता, वरना यह फिर मीडिया में रिपोर्ट हो जाएगा.’