नई दिल्ली: भारत में रॉयटर्स, तुर्की मीडिया की प्रमुख न्यूज़ वेबसाइट टीआरटी न्यूज़ और चीन के ग्लोबल टाइम्स न्यूज़ जैसे अंतरराष्ट्रीय समाचार संगठनों के एक्स हैंडल रविवार देर रात फिर से बहाल कर दिए गए. एक्स पर इन एकाउंट्स को ब्लॉक करने के लगभग 24 घंटे बाद दोबारा बहाल किया गया.
इससे पहले सोशल मीडिया मंच एक्स पर इन एकाउंट्स के संबंध में कहा गया था कि यह कदम ‘कानूनी मांग’ के जवाब में उठाया गया है. हालांकि, यह कानूनी मांग क्या थी, इसके बारे में कोई जानकारी स्पष्ट नहीं थी. किसी भी आधिकारिक स्रोत द्वारा इस बारे में कुछ नहीं कहा गया था.
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, इन एकाउंट्स के बहाली के संबंध में आईटी मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि भारत सरकार की ओर से रॉयटर्स, ग्लोबल टाइम्स न्यूज़ और टीआरटी वर्ल्ड के हैंडल को बंद करने की कोई आवश्यकता नहीं है. ऐसी कोई कानूनी मांग नहीं की गई. हम समस्या को हल करने के लिए एक्स के साथ लगातार काम कर रहे थे.’
हालांकि, मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रॉयटर्स का एक्स हैंडल उन एकाउंट्स में से एक था, जिन्हें सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान ब्लॉक करने के लिए कहा था.
अधिकारी ने अखबार से कहा, ‘एक्स ने उस समय आदेश का पालन नहीं किया और फिर सरकार ने मामले को आगे नहीं बढ़ाया.’
उन्होंने इस बात पर आश्चर्य जाहिर किया कि ‘पहले के निर्देश पर देरी से प्रतिक्रिया’ के चलते ये घटनाक्रम सामने आया है.
मालूम हो कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, भारत सरकार ने विदेशी समाचार आउटलेट और प्रमुख यूजर्स के 8,000 से अधिक एकाउंट्स को ब्लॉक करने के लिए एक्स को कार्यकारी आदेश भेजे थे.
अखबार द्वारा इस मामले पर टिप्पणी के लिए एक्स से अनुरोध पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. इस बीच, ऊपर उद्धृत अधिकारी ने कहा कि सरकार ने एक्स से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है.
ज्ञात हो कि टीआरटी वर्ल्ड और ग्लोबल टाइम्स न्यूज़ दोनों के एक्स हैंडल को भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रतिबंधित कर दिया था. इसके पीछे ‘भारत विरोधी सामग्री’ प्रकाशित करने का हवाला दिया गया था.
हालांकि, इसे बाद में बहाल कर दिया गया था. लेकिन शनिवार (5 जुलाई) की रात इन्हें फिर से बंद कर दिया गया.
मंत्रालय के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि यह तकनीकी समस्या प्रतीत होती है.
गौरतलब है कि इन हैंडल को ब्लॉक करने से कुछ दिन पहले ही कई पाकिस्तानी हस्तियों और समाचार चैनलों के यूट्यूब और इंस्टाग्राम एकाउंट को एक दिन के लिए भारत में अनब्लॉक किया गया था, जिसमें अधिकारियों ने ‘तकनीकी त्रुटि’ का हवाला दिया था. बाद में उन्हें फिर से ब्लॉक कर दिया गया.
