नई दिल्ली: कोच्चि की एक अदालत ने मलयालम फिल्मों के जाने-माने निर्देशक और अभिनेता रंजीत को बुधवार (1 अप्रैल) को कथित यौन उत्पीड़न के प्रयास के एक मामले में न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, रंजीत को मंगलवार रात इडुक्की ज़िले के थोडुपुझा से एक युवा अभिनेत्री की शिकायत के बाद हिरासत में लिया गया था और बाद में उन्हें कोच्चि पुलिस को सौंप दिया गया.
मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने से पहले बेचैनी की शिकायत के चलते उन्हें कुछ समय के लिए एर्नाकुलम जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. निर्देशक के वकील ने बताया कि रंजीत को यहां एक मजिस्ट्रेट के आवास पर पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
उनके वकील ने आगे कहा कि अदालत में जमानत याचिका दाखिल की जाएगी. मजिस्ट्रेट आवास के बाहर मीडिया से बात करते हुए निर्देशक ने दावा किया कि उन्हें इस मामले में फंसाया गया है, उनके खिलाफ लगाए गए आरोप ‘झूठे’ हैं और यह साबित हो जाएगा.
इस संबंध में केरल के संस्कृति मंत्री साजी चेरियन ने पत्रकारों से कहा कि ‘सरकार या समाज द्वारा ऐसे कृत्यों को स्वीकार नहीं किया जाएगा’ और सरकार और पुलिस पीड़िता के साथ हैं.
उल्लेखनीय है कि 2024 में यौन उत्पीड़न के एक मामले में नाम आने के बाद रंजीत ने केरल राज्य चालचित्र अकादमी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था.
ताजा मामला रंजीत के खिलाफ कुछ दिन पहले कोच्चि नगर पुलिस ने दर्ज किया था. महिला अभिनेत्री का आरोप है कि निर्देशक ने फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें एक गाड़ी में बुलाया और उनके साथ यौन उत्पीड़न की कोशिश की.
इस संबंध में अभिनेत्री का बयान सोमवार को महिला पुलिस थाने में दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने रंजीत को गिरफ्तार कर लिया. बताया गया है कि मामला दर्ज करने और आगे की कार्यवाही पूरी गोपनीयता के साथ की गई है.
रंजीत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के प्रयास का आरोप लगाया गया है. कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) इस मामले की जांच कर रहा है.
गौरतलब है कि मलयालम फिल्म जगत में उत्पीड़न और दुर्व्यवहार पर जस्टिस हेमा समिति की रिपोर्ट में हुए खुलासों के बाद भी रंजीत पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे.
रंजीत के खिलाफ 2024 में भी एक मामला दर्ज किया गया था जब एक बंगाली अभिनेत्री ने कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई थी. ईमेल के माध्यम से भेजी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रंजीत ने 2009 में फिल्म ‘पलेरी मणिक्यम’ में अभिनय करने के लिए बुलाने के बाद उन्हें अनुचित तरीके से छुआ था.
हालांकि, केरल उच्च न्यायालय ने अक्टूबर 2025 में एक मामले को खारिज कर दिया था.
