नई दिल्ली: भारत में परीक्षाओं की स्थिति को लेकर शर्मनाक घटनाओं की कड़ी में एक और मामला सामने आया है. उत्तर प्रदेश में एक परीक्षा केंद्र के बाहर कंक्रीट का एक पुराना स्लैब टूट जाने से रविवार (31 मई) को करीब 25 छात्र और उनके परिवार के सदस्य एक नाले में गिर गए.
यह घटना कानपुर के एचएन मिश्रा पीजी कॉलेज के पास हुई, जहां उम्मीदवार उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए एकत्र हुए थे. यहां उम्मीदवारों को कथित तौर पर आखिरी समय में बताया गया कि उन्हें अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी दिखानी होगी, ऐसे में कई छात्रों और उनके परिवार के सदस्यों का एक पास की दुकान पर जमावड़ा लग गया.
मीडिया खबरों के अनुसार, फोटोकॉपी की दुकान के बाहर नाले को ढकने वाले पुराने कंक्रीट के स्लैब पर कई लोग खड़े थे, तभी वह टूट गया. इस घटना में चार उम्मीदवार घायल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों का सामान खराब हो गया.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में बताया गया है कि घायल हुए एक अभिभावक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा.
हालांकि, उम्मीदवारों को मदद मिली और इस रुकावट के बावजूद वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच गए. लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की हालत, जिसकी वजह से यह स्थिति सामने आई, को लेकर लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया.
इस संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस ने बताया कि परीक्षा तय समय के अनुसार ही आयोजित की गई. हालांकि, यह तत्काल पता नहीं चल पाया कि इस घटना की वजह से कोई छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गया या नहीं.
उल्लेखनीय है कि यह घटना देश में होने वाली बड़ी परीक्षाओं से जुड़े कई अन्य विवादों के बीच सामने आई है. हाल ही में तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को कथित तौर पर पेपर लीक की शिकायत के बाद दस दिस से भी कम समय के भीतर रद्द कर दिया गया था.
नीट विवाद अभी थमा ही नहीं था कि इतने में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) सुर्खियों में आ गया, जिसे लेकर छात्रों ने मार्किंग में गड़बड़ी, गलत उत्तर पुस्तिकाएं मिलने और नई शुरू की गई ऑनलाइन मार्किंग प्रणाली (ओएसएम) से जुड़ी अन्य समस्याओं की शिकायत की.
वहीं, कानपुर की घटना से एक दिन पहले, सीयूईटी-यूजी परीक्षा तकनीकी खराबी के कारण देरी से शुरू हुई, जिसके चलते कई छात्र परीक्षा दिए बिना ही परीक्षा केंद्रों से लौट गए. एजेंसी ने उनके लिए दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की है.
