कर्नाटक: भाजपा विधायक के भड़काऊ भाषण के बाद मंदिर ट्रस्ट ने मुस्लिम समुदाय से माफ़ी मांगी

कर्नाटक के भाजपा विधायक हरिश पूंजा ने गोपालकृष्ण मंदिर ट्रस्ट के एक कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ भाषण दिया था. उन्हें आयोजन समिति के सदस्यों से यह पूछते हुए सुना गया कि मुस्लिम समुदाय को कार्यक्रम में क्यों आमंत्रित किया गया. अब मंदिर ट्रस्ट ने मुस्लिम समुदाय से माफ़ी मांगी है.

कर्नाटक के बेल्थंगडी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हरिश पूंजा. (फोटो: इंस्टाग्राम/hpoonja)

नई दिल्ली: कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ ज़िले के बेल्थंगडी तालुक स्थित तेकार गांव के गोपालकृष्ण मंदिर ट्रस्ट ने मुस्लिम समुदाय से माफी मांगी है.

द हिंदू की रिपोर्ट में बताया गया है कि, यह माफी 3 मई को मंदिर के कार्यक्रम के दौरान बेल्थंगडी के विधायक हरिश पूंजा द्वारा दिए गए कथित घृणास्पद भाषण (हेट स्पीच) के चलते मांगी गई है. 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक हरिश पूंजा ने मंदिर के ब्रह्मकलशोत्सव कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ भाषण दिया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर मुस्लिम समुदाय के एक वर्ग पर आयोजन समिति द्वारा लगाए गए ट्यूबलाइट्स को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया था.

सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप में पूंजा को आयोजन समिति के सदस्यों से यह पूछते हुए सुना गया कि मुस्लिम समुदाय को कार्यक्रम में क्यों आमंत्रित किया गया.

तुलु भाषा में बोलते हुए पूंजा ने कहा था, ‘हमें मस्जिद जाकर निमंत्रण देने की क्या ज़रूरत थी? हम हिंदू हैं और हमें वैसे ही रहना चाहिए.’

यह टिप्पणी उस समय आई जब तटीय दक्षिण कन्नड़ ज़िले में मंगलुरु में हुई दो हत्याओं के बाद सांप्रदायिक तनाव का माहौल बना हुआ था.

इसके बाद भाजपा विधायक के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज की गईं. मुस्लिम ओक्कूटा नामक एक संगठन ने मंदिर प्रबंधन को पत्र लिखकर नाराज़गी जताई.

उप्पिनंगडी पुलिस ने पूंजा के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज किया है.

7 मई को मुस्लिम ओक्कूटा के सदस्यों ने मंदिर ट्रस्ट से मुलाकात की, जिसके बाद ट्रस्ट ने उसी दिन एक पत्र जारी कर धार्मिक सभा कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समुदाय के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर खेद जताया.

द हिंदू के अनुसार, ट्रस्ट ने मुस्लिम समुदाय के ब्रह्मकलशोत्सव में सक्रिय होकर भाग लेने के लिए आभार जताते हुए कहा कि वह भविष्य में सभी समुदायों के बीच सौहार्द्रपूर्ण संबंध बनाए रखना चाहता है.

वहीं, विधायक पूंजा ने अपने भाषण को उचित ठहराते हुए कहा कि उन्होंने केवल ‘हिंदू समाज को जागरूक’ किया है.