गुजरात समाचार के मालिक ईडी हिरासत में, कांग्रेस ने कहा- वजह मोदी सरकार की आलोचना

गुजरात में ईडी ने राज्य के एक प्रमुख समाचार पत्र गुजरात समाचार के एक मालिक को वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ़्तार किया है. गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कहा है कि गिरफ़्तारी की असली वजह अख़बार का प्रधानमंत्री और सरकार के ख़िलाफ़ आलोचनात्मक लेख लिखना है.

ईडी ने 2014 से अब तक करीब 6 हज़ार से अधिक मामले दर्ज किए हैं. (फोटो साभार: फेसबुक)

नई दिल्ली: गुजरात में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राज्य के एक प्रमुख समाचार पत्र गुजरात समाचार के एक मालिक को वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है.

डेक्कन हेराल्ड ने समाचार पत्र चलाने वाले परिवार के करीबी सूत्रों के हवाले से बताया कि गुरुवार (15 मई) देर रात ईडी ने अखबार के मालिकों में से एक बाहुबली शाह को हिरासत में ले लिया.

विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ईडी ने शाह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के खिलाफ अखबार में आलोचनात्मक लेखन के कारण हिरासत में लिया है.

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने कहा, ‘आयकर विभाग की कार्रवाई के कुछ घंटों बाद ही ईडी ने बाहुबली शाह को गिरफ्तार कर लिया. उनकी गिरफ्तारी के पीछे असली वजह अखबार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के खिलाफ आलोचनात्मक लेख लिखना है.’

बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए जाने के बाद शाह को सीने में दर्द उठा था, जिसके बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए वीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें रात में ज़ाइडस अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया.

सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में गोहिल ने आरोप लगाया कि गुजरात समाचार द्वारा हाल ही में भारत-पाकिस्तान तनाव को लेकर की गई रिपोर्टिंग के कारण उन्हें निशाना बनाया गया है.

गोहिल ने पोस्ट में कहा, ‘सत्य के लिए खड़े होने की सजा भाजपा सरकार का आदर्श वाक्य है. गुजरात का प्रमुख अख़बार गुजरात समाचार हमेशा सत्ता के खिलाफ़ खड़ा रहा है, चाहे वह कोई भी हो. हालांकि, हाल ही में भारत-पाकिस्तान विवाद में भाजपा सरकार और पीएम मोदी को आईना दिखाने के लिए मोदी ने अपने पसंदीदा टूल किट, को बाहर निकाल दिया है. आयकर (आईटी) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुजरात समाचार और उसके टेलीविजन चैनल जीएसटीवी के अलावा अन्य व्यावसायिक संस्थाओं पर हमला किया है. गुजरात समाचार के मालिक बाहुबलीभाई शाह को गिरफ़्तार किया गया है.’

गोहिल ने आगे कहा, ‘करीब तीन सप्ताह पहले जब छापेमारी हुई थी, परिवार अपनी कुलमाता स्मृतिबेन की मृौत के बाद से शोक में डूबा हुआ था. बाहुबलीभाई एक बुजुर्ग नागरिक हैं और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं. मैं मोदी सरकार की इस ज्यादती की कड़ी निंदा करता हूं. अपना काम कर रहे मीडिया को बेरहमी से निशाना बनाया जा रहा है. भाजपा को पता होना चाहिए कि हर मीडिया गोदी नहीं है और अपनी आत्मा बेचने के लिए तैयार नहीं है. मैं #गुजरातसमाचार और सत्ता के सामने सच बोलने वाले सभी मीडिया के साथ खड़ा हूं. जय हिंद.’