ख़ामेनेई की मौत के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई: बहरीन, कुवैत, क़तर और दुबई में विस्फोटों की ख़बर

अमेरिका और इज़रायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने चेतावनी जारी कर कहा था कि वह पलटवार करेंगे और सेना कब्जे़ वाले इलाक़ों और अमेरिकी ठिकानों पर बजने वाले ख़तरे के सायरन को शांत नहीं होने देगी.

इज़रायल के तेल अवीव में ईरानी मिसाइल हमले के बाद बचावकर्मी और सैन्यकर्मी घटनास्थल का जायजा लेते हुए. (फोटो: एपी)

नई दिल्ली: ईरान ने रविवार (1 मार्च) सुबह पश्चिम एशिया में इज़रायल और अमेरिकी ठिकानों पर एक नया हमला शुरू किया. बहरीन, कुवैत, क़तर और संयुक्त अरब अमीरात में भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं.

रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने कहा कि उसने इस क्षेत्र में इज़रायल और अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमलों के ‘छठवें दौर की शुरुआत की है.

उल्लेखनीय है कि यह जवाबी कार्रवाई शनिवार (28 फरवरी) को ईरान पर हुए इज़रायल-अमेरिकी हवाई हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद सामने आई है. ईरान ने रविवार सुबह ख़ामेनेई के मारे जाने की पुष्टि की.

मालूम हो कि शनिवार को ईरान पर हमला तेहरान, इस्फ़हान, क़ोम, कराज और करमानशाह शहरों में हवाई हमलों से शुरू हुआ था.

इस संबंध में रविवार को भारत में ईरानी दूतावास ने बताया कि हिंद महासागर में ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ की पांचवें दौर में अमेरिकी जहाजों के लिए गोला-बारूद ले जा रहे एमएसपी जहाज पर जेबेल अली बंदरगाह पर चार ड्रोन से हमला किया गया, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

ज्ञात हो कि जेबेल अली दुबई का एक प्रमुख वाणिज्यिक बंदरगाह है.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, प्रतिष्ठित बुर्ज अल अरब होटल और आलीशान, कृत्रिम पाम जुमेराह द्वीप सभी क्षतिग्रस्त हो गए हैं.

ईरानी वाणिज्य दूतावास ने बताया कि कुवैत के अब्दुल्ला मुबारक इलाके में स्थित अमेरिकी नौसैनिक अड्डे पर भी हमला हुआ है.

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, बहरीन के मनामा स्थित क्राउन प्लाजा होटल से धुएं के गुबार उठते देखे गए. बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया कि रविवार सुबह पूरे देश में सायरन बजाए गए.

क़तर के दोहा में भी विस्फोटों की खबर मिली है. देश के आंतरिक मंत्रालय ने बताया है कि अब तक 16 लोग घायल हुए हैं और देश के कुछ हिस्सों में मामूली नुकसान हुआ है.

जॉर्डन स्थित अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है.

दूतावास ने कहा, ‘रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में मिसाइलें, ड्रोन या रॉकेट मौजूद हैं. तुरंत सुरक्षित स्थानों की तलाश करें और सुरक्षित जगह पर चले जाएं.’

दूतावास ने लोगों से ‘घर के अंदर रहने और स्थानीय घोषणाओं और चेतावनियों पर ध्यान देने’ का भी अनुरोध किया है.