नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के मोखरा गांव में शुक्रवार (26 अप्रैल) को दलित समुदाय से आने वाले एक व्यक्ति पर उस वक्त पथराव किया गया जब वह अपनी बारात में घोड़ी पर सवार होकर निकल रहे थे.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, घटना का वीडियो सामने आने के बाद से मामले ने तूल पकड़ा है.
बताया गया है कि घटना में जख्मी हुए जितेन्द्र अहिरवार की शादी सागर जिले में होनी थी. बारात से पहले गांव में पारंपरिक ‘रच’ कार्यक्रम के तहत वह घोड़ी पर सवार होकर निकले थे. आरोप है कि तभी गांव की ही एक महिला- भान कुंवर राजा परमार ने उन्हें रोका और जातिसूचक गालियां देते हुए सवाल किया कि ‘निचली जाति’ का व्यक्ति उनके मोहल्ले से घोड़ी पर कैसे निकल सकता है. इसके बाद उन्होंने दो अन्य व्यक्तियों- सूर्यपाल और द्रिगपाल के साथ मिलकर दूल्हे पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. इस हमले में चार लोग घायल हो गए हैं.
जितेन्द्र ने कहा, ‘वो मेरी शादी का दिन था, हमारे लिए खुशी का मौका था. हम एक मोहल्ले से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने हमें रोका, पत्थर फेंके और कहा कि घोड़ी से उतर जाओ और नंगे पांव चलो. उन्होंने हमारा अपमान किया और यहां तक कहा कि हमारे घरों के पास चप्पल पहनकर भी मत निकलना.’
जितेन्द्र और उनके परिजनों ने बदगांव धसान थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर भान कुंवर राजा परमार, सूर्यपाल और द्रिगपाल के खिलाफ मारपीट और जातीय भेदभाव के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
बदगांव धसान थाना प्रभारी नरेंद्र वर्मा ने अख़बार को बताया, ‘महिला आरोपी को हिरासत में में लिया गया है और बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है.’
