नौ मई 2025 को द वायर के कई पाठकों ने यह सूचना दी कि वे वायर की मूल अंग्रेज़ी वेबसाइट thewire.in नहीं देख पा रहे हैं. इस बारे में द वायर का बयान.
§
प्रिय पाठकों,
प्रेस की आज़ादी के गारंटीकृत संवैधानिक अधिकार का सीधा उल्लंघन करते हुए भारत सरकार ने देशभर में thewire.in को ब्लॉक कर दिया है. द वायर की वेबसाइट के वेब एड्रेस पर जाने पर इंटरनेट सर्विस प्रदाता की ओर से दिखने वाले मैसेज (तस्वीर नीचे) में कहा जा रहा है कि इसे ‘इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के आदेश के अनुसार आईटी अधिनियम, 2000 के तहत ब्लॉक किया गया है.’
ऐसे समय में जब समझदार, सच्ची, निष्पक्ष और तर्कसंगत आवाज़ें और समाचार व सूचना के स्रोत देश की सबसे बड़ी संपत्ति हैं, हम इस तरह की सेंसरशिप का विरोध करते हैं.
हम इस मनमानी कार्रवाई से निपटने के लिए सभी आवश्यक क़दम उठा रहे हैं.
आपने बीते दस सालों में द वायर के काम का साथ दिया है और हमें उम्मीद है कि इस वक़्त भी आप हमारे साथ खड़े रहेंगे.
हम अपने पाठकों को सच्ची और सटीक ख़बरें देने से पीछे नहीं हटेंगे.
सत्यमेव जयते.
तारीख़: 09.05.2025

