नई दिल्ली: महाराष्ट्र के पुणे शहर में भैंसों की अवैध ढुलाई के आरोप में एक मुस्लिम ट्रक ड्राइवर को जबरन गोबर खिलाने का मामला सामने आया है.
बताया गया है कि पुलिस ने इस संबंध में रविवार (8 मार्च) को चार स्वघोषित ‘गोरक्षकों’ के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर कई लोगों ने इस अपनी आपत्ति दर्ज करवाई है .
इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक, इस मामले में अंबेगांव पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है.
इस घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि तथाकथित गोरक्षकों का एक समूह शुक्रवार (6 मार्च) को भैंसों से भरे ट्रक के साथ ट्रक ड्राइवर को अंबेगांव पुलिस स्टेशन में ले आए. जांच के बाद पुलिस ने कथित तौर पर भैंसों को अवैध रूप से ले जाने के आरोप में ट्रक ड्राइवर के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.
वहीं, ट्रक ड्राइवर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्वयंभू गोरक्षकों के खिलाफ भी कथित तौर पर ड्राइवर पर हमला करने के आरोप में एक गैर-संज्ञेय मामला भी दर्ज किया.
इसी बीच रविवार (8 मार्च) को पुलिस को एक वीडियो मिला, जिसमें कथित तौर पर ‘गोरक्षकों ’ को ट्रक ड्राइवर के धर्म के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते, उनकी पिटाई करते और उन्हें गोबर खाने के लिए मजबूर करते हुए देखा जा सकता है.
इस संबंध में पुलिस ने बताया कि ट्रक ड्राइवर ने अपनी शिकायत में इसका जिक्र नहीं किया था. लेकिन अब वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चार गोरक्षकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना), 352 (शांति भंग करने के लिए जानबूझकर अपमान करना), 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है.
इस मामले पर अंबेगांव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शरद जीनी ने कहा, ‘एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है.’
एआईएमआईएम के पूर्व विधायक वारिस पठान ने इस घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते इस मामले में महाराष्ट्र सरकार और महाराष्ट्र पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की.
उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘हिंदुत्ववादी गुंडे एक मुस्लिम युवक को जबरन गोबर खिला रहे हैं, उसकी पिटाई कर रहे हैं और उसे गालियां दे रहे हैं. ऐसा लगता है कि उन्हें कानून-व्यवस्था का कोई डर नहीं है. क्या सरकार ने उन्हें खुली छूट दे दी है? हम मांग करते हैं कि महाराष्ट्र सरकार और महाराष्ट्र पुलिस इन गुंडों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें.’
हिंदुत्ववादी गुंडे एक मुस्लिम युवक को जबरन गोबर खिला रहे है उसको मार रहे है गाली बक रहे है।
कायदे क़ानून का डर ख़ौफ़ इनको ख़त्म हो गया है क्या सरकार ने खुली छूट दे रखी है???
हमारी @CMOMaharashtra @DGPMaharashtra से माँग है इन गुण्डों के ख़िलाफ़ फ़ौरन करवाई करे। https://t.co/g9PQEbALKi— Waris Pathan (@warispathan) March 7, 2026
वारिस पठान के अलावा कई अन्य लोगों ने भी इस मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया है.
