छत्तीसगढ़ में वेदांता प्लांट में हादसा: विवाद और सवाल

छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले में वेदांता पावर प्लांट में 14 अप्रैल को हुए हादसे में अधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या 21 हो गई है और 36 घायल कर्मचारी इलाजरत हैं. शुरुआती जांच में तकनीकी ख़ामी, रखरखाव में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसे कारणों की आशंका जताई गई है. मामले की जांच जारी है लेकिन बड़ी कंपनियों के ख़िलाफ़ ऐसे मामलों का रिकॉर्ड देखकर सवाल उठता है कि क्या यह जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी?

/
मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले में एक पावर प्लांट में हुए धमाके के बाद धुएं का गुबार उठता हुआ. (फोटो: पीटीआई)

छत्तीसगढ़ में वेदांता समूह के संयंत्र में हुए धमाके ने एक बार फिर देश में औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरणीय मानकों और कॉरपोरेट जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यह घटना केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि उस बड़े ढांचे की कमजोरियों को उजागर करती है, जिसमें विकास की दौड़ में सुरक्षा और मानवीय पहलुओं को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है.

सक्ती ज़िले के सिंघीतराई में स्थित वेदांता लिमिटेड के थर्मल पावर प्लांट में 14 अप्रैल 2026 को हुए दर्दनाक हादसे में अधिकारिक तौर पर मरने वालों की संख्या 21 हो गई है और 36 अन्य झुलसे हुए कर्मचारी इलाजरत हैं. शुरुआती जांच में तकनीकी खामी, रखरखाव में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसे कारणों की आशंका जताई गई है.

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत घटना के बाद डभरा पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया है. इस एफआईआर में प्रारंभिक तौर पर कंपनी प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही, सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और मानव जीवन को खतरे में डालने जैसे आरोप शामिल किए गए हैं. एफआईआर में वेदांता के चेयरमैन अनिल अग्रवाल का नाम भी शामिल है.

लापरवाही के आरोप

खबरों के अनुसार, एक बयान में छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक शुरुआती तकनीकी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि बॉयलर की भट्टी के अंदर ईंधन के ज़्यादा जमा होने से दबाव बढ़ गया, जिसके कारण धमाका हुआ. यह बात फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की रिपोर्ट से भी मेल खाती है.

पुलिस ने बताया कि उपलब्ध सबूतों और तकनीकी नतीजों के आधार पर अग्रवाल के अलावा, कंपनी के मैनेजर देवेंद्र पटेल और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. इनमें धारा 106(1) और 289 शामिल हैं, जो लापरवाही से मौत का कारण बनने और मशीनों के रखरखाव में लापरवाही बरतने से संबंधित हैं.

वेदांता के चेयरमेन अनिल अग्रवाल. (फोटो: पीटीआई)

इस घटना के बाद राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियों ने जांच के आदेश दिए हैं. लेकिन सवाल यह है कि क्या यह जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी? अक्सर देखा गया है कि बड़ी कंपनियों के मामलों में कार्रवाई धीमी या कमजोर होती है.

वेदांता पर पहले भी लगते रहे हैं आरोप

छत्तीसगढ़ में वेदांता समूह को लेकर उठ रहे सवाल केवल हालिया धमाके तक सीमित नहीं हैं. पिछले दो दशकों में कंपनी पर बार-बार ऐसे आरोप लगे हैं, जो औद्योगिक सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और श्रमिक अधिकारों को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करते हैं. इन घटनाओं और आरोपों को एक साथ देखें तो एक बड़ा सवाल सामने आता है – क्या औद्योगिक विस्तार के साथ सुरक्षा और पर्यावरणीय जवाबदेही पीछे छूटती जा रही है?

वेदांता की सहायक कंपनी बाल्को (BALCO) के कोरबा संयंत्र में 2009 में हुई चिमनी दुर्घटना आज भी औद्योगिक इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में गिनी जाती है, जिसमें 45 मजदूरों की मौत हो गई थी. जांच में निर्माण और सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियों की बात सामने आई थी.

इसके अलावा वेदांता के परियोजनाओं पर जंगल की जमीन के अतिक्रमण और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के आरोप भी हैं. स्थानीय समुदायों का कहना है कि उद्योगों से निकलने वाला धुआं और अपशिष्ट उनके जल स्रोतों और खेती को प्रभावित करता है.

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने भी 2022 के एक रिपोर्ट में कोरबा स्थित बाल्को (वेदांता समूह) के औद्योगिक कचरा प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे. जिसमें कहा गया था कि रेड मड (खतरनाक अपशिष्ट) और फ्लाई ऐश का निपटान पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा. जांच में पाया गया कि कई जगहों पर इन अपशिष्टों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन नहीं हो रहा, जिससे मिट्टी और भूजल प्रदूषण का खतरा बढ़ रहा है.

इसमें कहा गया था कि इससे मिट्टी और भूजल प्रदूषित हो रहे हैं और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा है.

छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में, जहां बड़ी आबादी आज भी प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर है, ऐसे आरोप केवल कानूनी मुद्दे नहीं बल्कि जीवन और आजीविका से जुड़े सवाल बन जाते हैं.

अन्य राज्यों में विवाद

भारत में वेदांता रिसोर्सेज लिमिटेड लंबे समय से औद्योगिक विस्तार के साथ-साथ पर्यावरणीय उल्लंघनों, स्थानीय विरोध और कानूनी विवादों के कारण चर्चा में रही है. अलग-अलग राज्यों में हुई घटनाएं यह दिखाती हैं कि ये आरोप किसी एक जगह तक सीमित नहीं, बल्कि एक व्यापक पैटर्न का हिस्सा हैं.

ओडिशा के कालाहांडी और रायगड़ा जिलों के बीच नियमगिरी पहाड़ों में वेदांता का बॉक्‍साइट खनन परियोजना देश के सबसे बड़े पर्यावरणीय आंदोलनों में से एक बन गया था. यह आंदोलन यहां रहने वाले डोंगरिया कोंध आदिवासी समुदाय द्वारा अपनी जमीन, जंगल और संस्कृति की रक्षा के लिए चलाया गया था. 2013 में हुई ग्राम सभाओं में सभी ने सर्वसम्मति से खनन का विरोध किया, जिसके बाद यह परियोजना रुक गई.

हालांकि, लांझीगढ़ में वेदांता का एल्युमिनियम रिफाइनरी प्लांट अभी भी है. इसकी स्थापना इसलिए की थी कि नियमगिरी में खदानें शुरू कर बॉक्साइट निकाला जाना था और फिर लांझीगढ़ के रिफाइनरी और एल्यूमिनियम प्लांट में आपूर्ति किया जाना था.

वहां के लोगों में अभी भी आशंका है कि दोबारा खदानें शुरू की जा सकती हैं. वहीं दूसरी ओर, अब ओड़िशा के रायगडा ज़िले के सिजीमाली इलाके में स्थानीय आदिवासी वेदांता की बॉक्साइट खदान के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं.

तमिलनाडु के तूतीकोरिन (अब थुथुकुड़ी) में वेदांता की स्टरलाइट कॉपर यूनिट को भारी विरोध का सामना करना पड़ा था. स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री पर पर्यावरण प्रदूषण फैलाने, भूजल और हवा को नुकसान पहुंचाने तथा स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ाने के आरोप लगाए.

इन चिंताओं के चलते 2018 में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे. मई 2018 में जब विरोध तेज हुआ, तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें पुलिस फायरिंग में 13 लोगों की मौत हो गई.

Tuticorin: **FILE PHOTO** Vedanta's Sterlite Copper unit ,in Tuticorin on Thursday. PTI Photo(PTI5_24_2018_000232B)
तमिलनाडु के तूतीकोरिन में वेदांता समूह का तांबा संयंत्र स्टरलाइट कॉपर. (फोटो: पीटीआई)

इसके बाद तमिलनाडु सरकार ने हस्तक्षेप करते हुए स्टरलाइट कॉपर प्लांट को स्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया. इस फैसले को पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना गया, हालांकि कंपनी ने इस निर्णय को अदालत में चुनौती भी दी.

इसके अलावा, गोवा में वेदांता समूह की सहायक कंपनी Sesa Goa (अब वेदांता लिमिटेड का हिस्सा) लंबे समय से खनन गतिविधियों को लेकर विवादों में रही है. यहां मुख्य मुद्दा लौह अयस्क खनन और उसके पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर रहा है.

खनन कार्यों के कारण जंगलों की कटाई, जल स्रोतों के प्रदूषण और धूल-धुएं से गांवों में स्वास्थ्य समस्याओं की शिकायतें सामने आईं.

इन विवादों के बीच, सुप्रीम कोर्ट ने 2012 और फिर 2018 में गोवा में खनन गतिविधियों पर रोक लगाई थी. अदालत ने पाया कि कई कंपनियों, जिनमें वेदांता से जुड़ी इकाइयां भी शामिल थीं, ने खनन लीज और पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन किया.

एमनेस्टी इंटरनेशनल की रिपोर्ट में भी कहा गया था कि वेदांता के परियोजनाओं से मानवाधिकार और पर्यावरण दोनों प्रभावित हुए हैं.

औद्योगिक सुरक्षा पर बड़ा सवाल

भारत में औद्योगिक दुर्घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं. कई बार यह देखा गया है कि कंपनियां लागत कम करने या उत्पादन बढ़ाने के दबाव में सुरक्षा नियमों से समझौता कर लेती हैं. इस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया है कि केवल नियम बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सख्ती से पालन भी जरूरी है.

छत्तीसगढ़ जैसे खनिज-समृद्ध राज्य में, जहां बड़ी कंपनियां काम कर रही हैं, वहां श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भी महत्वपूर्ण हो जाता है.

इस तरह के धमाकों का असर केवल संयंत्र तक सीमित नहीं रहता. आसपास के गांवों, जल स्रोतों और पर्यावरण पर भी इसका असर पड़ता है. जहरीली गैसों या धूल के फैलने से स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ जाता है. इसके अलावा, विस्थापन और रोजगार से जुड़े मुद्दे पहले से ही संवेदनशील हैं, जिन पर ऐसी घटनाएं और दबाव डालती हैं.