नई दिल्ली: असम के कार्बी आंगलोंग ज़िले के एक दूरदराज पहाड़ी इलाके में चुनाव ड्यूटी के दौरान 10 दिन पहले लापता हुए एक पोलिंग अधिकारी का शव नग्न और सड़ी-गली हालत में बरामद हुआ है. अधिकारियों ने रविवार (19 अप्रैल) को इसकी पुष्टि की.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, कॉर्नेलियस किंडू का शव रोंगवोंगवे इलाके में स्थानीय लोगों को मिला, जिन्होंने अधिकारियों को इसकी सूचना दी.
किंडू दीफू के धनसिरी बाज़ार के रहने वाले थे और कथलगुरी नेपाली बस्ती प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थे.
अधिकारियों ने बताया कि किंडू, जो सरपो काथार एलपी स्कूल के पोलिंग स्टेशन नंबर 19 पर तीसरे अधिकारी के तौर पर तैनात थे, 9 अप्रैल से लापता थे. विधानसभा चुनावों के दौरान जब वोटिंग चल ही रही थी, तब उन्होंने यह कहते हुए स्टेशन छोड़ दिया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, किंडो के लापता होने के बाद रोंगवोंग पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई थी. पुलिस टीमों ने आसपास के जंगलों और पहाड़ी इलाकों में ड्रोन की मदद से तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन उन्हें ढूंढने में नाकाम रहीं.
रविवार को लकड़ियां इकट्ठा करने वालों के एक समूह ने रोंगवोंग के पास एक घने और दूरदराज के जंगली पहाड़ी इलाके में शव को देखा. कार्बी आंगलोंग के सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (एसएसपी) पुष्पराज सिंह ने बताया, ‘स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और बाद में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने शव की पहचान की.’
सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि किंडो को शायद कोई न्यूरोलॉजिकल समस्या थी और जंगल में गिरने से पहले वह शायद बेहोश हो गए थे.
सिंह ने कहा, ‘इस चरण में अपहरण या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं. ऐसा लगता है कि बीमार पड़ने के बाद वह भटकते हुए जंगल में चले गए होंगे. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलेगी.’
उन्होंने आगे बताया कि मृतक के परिवार वालों को सूचना दे दी गई है और उनके लापता होने और मौत से जुड़ी घटनाओं के क्रम को समझने के लिए आगे की जांच चल रही है
अखबार के अनुसार, इस बीच, दीफू के स्थानीय लोगों ने कहा कि चुनाव ड्यूटी पर रहते हुए किंडो का लापता होना और 10 दिन बाद लगभग 25 किलोमीटर दूर उनका शव मिलना कोई सामान्य घटना नहीं है. उन्होंने राज्य के दूरदराज और जंगली इलाकों में तैनात मतदान कर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.
पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है.
