तमिलनाडु: कौन हैं वीएस बाबू, जिन्होंने सीएम स्टालिन को हराया

तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) के वीएस बाबू ने कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को 8,795 वोटों के अंतर से हराया है. दिलचस्प बात यह है कि बाबू पहले डीएमके से जुड़े हुए थे और 2011 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट पर वे स्टालिन के चुनाव अभियान प्रबंधक थे.

वी.एस. बाबू, टीवीके नेता, (फोटो: फेसबुक/वी. एस. बाबू)

नई दिल्ली: तमिलनाडु के कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के वीएस बाबू ने 8,795 वोटों के अंतर से हरा दिया. स्टालिन 2011 से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. दिलचस्प बात यह है कि बाबू पहले द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) से जुड़े रहे हैं और 2006 में उन्होंने इसी पार्टी के टिकट पर पुरसवाक्कम सीट जीती थी.

बाबू के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनकी उम्र 75 वर्ष है और उन्होंने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है.

डीएमके में बाबू एक जमीनी कार्यकर्ता के रूप में उभरे और आगे चलकर पार्टी के नॉर्थ चेन्नई जिला सचिव बने. वे चेन्नई की राजनीति में एक लोकप्रिय चेहरा थे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, समय के साथ पार्टी में उनकी पकड़ कमजोर पड़ती गई.

कोलाथुर सीट 2011 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले परिसीमन के बाद बनाई गई थी. इससे पहले स्टालिन थाउजेंड लाइट्स सीट का प्रतिनिधित्व करते थे. 2011 में डीएमके प्रमुख ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के सैदाई दुरैसामी को 2,734 वोटों से हराया था. उस समय वीएस बाबू उनके चुनाव अभियान प्रबंधक थे. इसके बाद स्टालिन ने 2016 में 27,730 और 2021 में 70,384 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2011 में कोलाथुर सीट पर स्टालिन की मामूली जीत के बाद बाबू को नॉर्थ चेन्नई जिला सचिव पद से हटाकर उनकी जगह सेकरबाबू को नियुक्त किया गया था.

डीएमके छोड़ने के बाद बाबू एआईएडीएमके में शामिल हो गए. उनके नाम से बने 370 फॉलोअर्स के एक फेसबुक पेज पर ई. पी. पलानीस्वामी और जे. जयललिता की तस्वीर कवर इमेज के रूप में लगी हुई है. फरवरी 2026 में उन्होंने टीवीके जॉइन की और कोलाथुर सीट से स्टालिन के खिलाफ मैदान में उतरे.

मुख्यमंत्री को हराने के बाद बाबू ने अब तक राष्ट्रीय मीडिया से कोई बयान नहीं दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो में वे कथित तौर पर डीएमके को खत्म करने का इशारा करते हुए और जीत का संकेत दिखाते नजर आ रहे हैं.