असम: हिमंता बिस्वा शर्मा ने दूसरी बार मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली

हिमंता बिस्वा शर्मा को गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी ग्राउंड में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शर्मा के साथ चार मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें भाजपा से रामेश्वर तेली और अजंता नेओग, असम गण परिषद से अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट से चरण बोरो शामिल हैं.

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा. (फोटो: पीटीआई)

नई दिल्ली: हिमंता बिस्वा शर्मा ने मंगलवार (12 मई) को गुवाहाटी में लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली. उनके साथ चार मंत्रियों ने भी शपथ ली.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 57 वर्षीय शर्मा को गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी ग्राउंड में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

शर्मा के साथ चार अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से रामेश्वर तेली और अजंता नेओग, और असम गण परिषद (एजीपी) से अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) से चरण बोरो शामिल हैं.

तेली पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं, जबकि नेओग पिछली सरकार में वित्त मंत्री थीं. बोरा एजीपी के अध्यक्ष हैं और पिछली भाजपा नीत सरकारों में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं. बोरो भी पिछली सरकार का हिस्सा थे.

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत केंद्रीय मंत्रिमंडल के कई अन्य मंत्री मौजूद रहे.

4 मई को हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 126 में से 82 सीटें जीतीं थी. उसके सहयोगी एजीपी और बीपीएफ को 10-10 सीटें मिलीं, जिससे गठबंधन की कुल सीटें 102 हो गईं.

वहीं, कांग्रेस को 19 सीटें मिलीं, जबकि उसके सहयोगी रायजोर दल ने 2 सीटें जीतीं. किसी भी गठबंधन का हिस्सा न रहने वाले अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस को क्रमशः 2 और 1 सीट प्राप्त हुई.

रविवार को भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नवनिर्वाचित विधायकों ने शर्मा को अपना नेता चुना, जिसके बाद उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया. उसी शाम राज्यपाल ने राजनीतिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के माध्यम से उन्हें मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया.

भाजपा ने पहली बार 2016 में कांग्रेस के 15 साल पुराने शासन को समाप्त कर असम में सरकार बनाई थी. पार्टी 2021 में भी दोबारा सत्ता में लौटी. दोनों चुनावों में भाजपा ने 60-60 सीटें जीती थीं और सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार बनाई थी.

शर्मा ने 10 मई 2021 को अपने पूर्ववर्ती सर्बानंद सोनोवाल का पांच वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के बाद असम में भाजपा नीत सरकार के लगातार दूसरे मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था.