नई दिल्ली: पंजाब के स्थानीय निकाय एवं संसदीय कार्य मंत्री संजीव अरोड़ा को शनिवार (09 मई) दोपहर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले ईडी की टीम शनिवार सुबह से ही संजीव अरोड़ा के आधिकारिक आवास समेत दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ के कई ठिकानों पर छापामारी कर रही थी.
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, एजेंसी की यह जांच कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी बिक्री, शेल कंपनियों के जरिए किए गए फर्जी निर्यात और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों से संबंधित है.
62 वर्षीय अरोड़ा लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से आप के विधायक हैं.
अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने शनिवार को पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और उनसे कथित तौर पर जुड़े कुछ अन्य लोगों के घरों पर छापेमारी की. जिन पांच परिसरों पर छापा मारा गया है, उनमें अरोड़ा का चंडीगढ़ स्थित आधिकारिक आवास भी शामिल है. इसके अलावा छापेमारी हैंपटन स्काई रियल्टी लिमिटेड नामक कंपनी के परिसर में भी की गई है.
अधिकारियों के अनुसार, यह छापेमारी अभियान केंद्रीय एजेंसी द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद शुरू किया गया था.
इससे पहले अप्रैल में ईडी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के नागरिक प्रावधानों के तहत अरोड़ा और उनकी संबद्ध संस्थाओं पर छापा मारा था.
ईडी के अनुसार, पीएमएलए के तहत चल रही नवीनतम जांच में 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन की ‘फर्जी’ जीएसटी खरीद और उसके बाद दुबई से भारत में कथित अवैध धन के ‘आने-जाने’ के माध्यम से किए गए निर्यात का मामला शामिल है.
आरोप है कि फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का दावा करने के लिए दिल्ली की ‘अस्तित्वहीन’ कंपनियों से कई फर्जी जीएसटी खरीद बिल प्राप्त किए गए थे. अप्रैल में हुई तलाशी के बाद अरोड़ा ने कहा था कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करेंगे और उन्हें विश्वास है कि सच्चाई की जीत होगी.
आम आदमी पार्टी का केंद्र सरकार पर निशाना
ताज़ा घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कड़ी आलोचना की और पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा पंजाबियों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया.
सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक लंबे पोस्ट में केजरीवाल ने कहा, ‘मोदी जी ने बंगाल चुनाव समाप्त होने के तुरंत बाद पंजाब में रोजाना ईडी के छापे शुरू करवा दिए. मोदी जी ने पिछले कुछ वर्षों में पंजाब को अपने दबाव में रखा है और विभिन्न तरीकों से पंजाबियों के साथ दुर्व्यवहार किया है.’
जैसे ही बंगाल चुनाव ख़त्म हुए, मोदी जी ने पंजाब में रोज़ ED की रेड करना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ सालों में मोदी जी ने पंजाब के साथ बहुत धक्का किया है। पंजाबियों को तरह तरह से प्रताड़ित किया है।
पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब यूनिवर्सिटी को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास… https://t.co/ZL3rV6eHR1
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 9, 2026
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुगल सम्राट औरंगजेब ने भी सिख गुरुओं को प्रताड़ित किया था, लेकिन उन्होंने इसका डटकर सामना किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि औरंगजेब की तरह ही ‘मोदी जी ने बेईमानी से देश के विभिन्न हिस्सों पर कब्जा कर लिया है और अब पंजाब तक पहुंच गए हैं.’
कई सौ साल पहले औरंगजेब ने अत्याचार करके भारत के कई हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया था.. आज मोदी जी ने भी बेईमानी करके भारत के कई हिस्सों पर कब्ज़ा कर लिया है।
औरंगजेब के अत्याचारों का हमारे गुरु साहिबान ने डटकर सामना किया और अपनी कुर्बानियाँ दीं।
अब उनकी कुर्बानियों से प्रेरित होकर… pic.twitter.com/QkXToZXfaE
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) May 9, 2026
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘आज एक बार फिर भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है. एक साल में यह तीसरी बार है जब भाजपा की ईडी उनके घर आई है. और पिछले महीने में दूसरी बार. फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला.’
मान ने आगे कहा, ‘यह भगत सिंह की धरती है, जिन्होंने कभी अंग्रेजों के सामने सिर नहीं झुकाया, इसलिए पंजाब भी मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा. ईडी-भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही शुरू होगा.’
आज फिरसे BJP की ED संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में ये तीसरी बार उनके घर BJP की ED आई है। और पिछले एक महीने में दूसरी बार। फिर भी कुछ नहीं मिला है इनको। मैं मोदी जी को बताना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है औरंगजेब भी नहीं झुका सका था। ये भगत सिंह की धरती है जो अंग्रेजों…
— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) May 9, 2026
आम आदमी पार्टी ने इन छापों को केंद्र में भाजपा सरकार के इशारे पर की गई राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है, क्योंकि पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा के लिए चुनाव होने वाले हैं.
उल्लेखनीय है कि अरोड़ा पहले से ही मनी लॉन्ड्रिंग के एक पुराने मामले में जांच के दायरे में थे, जिसमें 2024 में ईडी ने उनके घर पर छापा मारा था. उस समय उन पर और उनके सहयोगियों पर आवासीय परियोजनाओं के लिए औद्योगिक भूमि का दुरुपयोग करने का आरोप था. उस दौरान वे राज्यसभा सांसद भी थे.
ज्ञात हो कि पंजाब में 2027 की शुरुआत में चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में ईडी ने पिछले कुछ हफ्तों में पंजाब में राजनीतिक रूप से जुड़े व्यक्तियों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाई की हैं.
इससे पहले एजेंसी ने लवली ग्रुप के प्रमोटर और राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल के परिसर पर छापा मारा था, जो छापेमारी के बाद छह अन्य आम आदमी पार्टी सांसदों के साथ भाजपा में शामिल हो गए हैं.
इस सप्ताह की शुरुआत में, एजेंसी ने पंजाब के कुछ बिल्डरों और रियल एस्टेट कंपनियों के साथ-साथ आम आदमी पार्टी के एक पदाधिकारी के कथित सहयोगी के परिसर पर भी छापा मारा था.
यह कार्रवाई पंजाब आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा के खिलाफ लगाए गए आरोपों के मद्देनजर की गई थी.
अरोड़ा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए ईडी के दावों को ‘मनगढ़ंत कहानी’ बताया था.
पूर्व आप नेता सांसद संदीप पाठक और राजेंद्र गुप्ता को कोर्ट से राहत
इस बीच पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक और राजिंदर गुप्ता को बड़ी राहत मिली है.
हाईकोर्ट ने पाठक की गिरफ्तारी पर सोमवार तक रोक लगा दी है. वहीं, प्रदूषण विवाद में राजिंदर गुप्ता की फैक्ट्री पर कार्रवाई को लेकर भी हाईकोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है.
दरअसल पाठक ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर उनके खिलाफ दर्ज केस की जानकारी मांगी थी. पाठक ने कहा था कि उन्हें बताया जाए कि दो केस कहां रजिस्टर किए गए और उनमें कौन कौन सी धाराएं लगाई गई हैं.
संदीप पाठक की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने सरकार को फिलहाल कोई सख्त कार्रवाई न करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर विस्तृत हलफनामा दाखिल करने को कहा है.
वहीं, राजिंदर गुप्ता की ट्राइडेंट ग्रुप पर पंजाब प्रदूषण बोर्ड की कार्रवाई पर रोक लगा दी है. राजिंद्र गुप्ता ट्राइडेंट ग्रुप के मालिक हैं.
इस संबंध में कोर्ट ने कहा है कि ट्राइडेंट ग्रुप पर 30 दिन का समय देकर ही कार्रवाई की जा सकेगी. ट्राइडेंट ग्रुप की बरनाला स्थित फैक्टरी पर 7 दिन पहले पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने रेड की थी, जिसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी.
