नई दिल्ली: बिहार के बेगूसराय जिले में एक महिला के साथ कथित सामूहिक बलात्कार और बर्बर हिंसा का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, 11 जून की रात हुई इस घटना में पांच लोगों पर महिला के साथ गैंगरेप करने और गंभीर रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है.
घटना के कई दिन बाद भी सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना 11 जून की रात करीब साढ़े 11 बजे की है. वह अपने घर में शौचालय गई थीं, तभी पांच लोग वहां पहुंचे.
आरोप है कि उन्होंने पहले उनके पति को एक कमरे में बंद कर दिया. जब महिला शौचालय से बाहर निकलीं तो आरोपियों ने उन्हें दबोच लिया, उनकी साड़ी से मुंह बांध दिया, हाथ बांध दिए और जबरन घर से बाहर ले गए.
महिला के मुताबिक, इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ सामूहिक बलात्कार किया. उन्होंने विरोध करने और शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला किया. घटना के बाद आरोपी उन्हें वापस घर छोड़कर फरार हो गए.
सर्वाइवर महिला के पति जिस कमरे में बंद थे, उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया था. बाद में महिला ने अपनी ननद को फोन कर बुलाया, जिसके बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका. इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी. इस बीच महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
बर्बरता
बताया गया है कि महिला को 12 जून की शाम अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, लेकिन उनके निजी अंगों में लगातार दर्द रहने के कारण अगले दिन उन्हें फिर अस्पताल जाना पड़ा. जांच के दौरान डॉक्टरों ने उनके प्राइवेट पार्ट्स से एक जीवित कारतूस, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा बरामद किया.
महिला का कहना है कि बलात्कार के दौरान वह बेहोश हो गई थीं और उन्हें आशंका है कि बेहोशी की हालत में आरोपियों ने ये वस्तुएं उनके शरीर में डालीं.
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले भी तीन लोग उनके घर में घुसे थे. उस समय उन्होंने कथित तौर पर महिला को निर्वस्त्र किया, बलात्कार का प्रयास किया था. साथ ही परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की थी और नकदी तथा जेवरात लूट लिए थे.
उनका कहना है कि उस घटना की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई.
पुलिस ने जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे. पुलिस का कहना है कि मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक जांच जारी है.
बेगूसराय के डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है. उन्होंने कहा, ‘घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.’
डीएसपी ने यह भी कहा कि यदि जांच के दौरान पुलिस की किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
