सुप्रीम कोर्ट ने 'बुलडोज़र जस्टिस' पर अवमानना याचिका की सुनवाई से इनकार कर दिया है. कोर्ट ने साफ कहा कि अवैध निर्माण और सरकारी ज़मीन पर अतिक्रमण के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन किसी आरोपी या उसके परिवार को चुन-चुनकर निशाना नहीं बनाया जा सकता. अदालत ने याचिकाकर्ताओं को संबंधित हाईकोर्ट जाने का निर्देश दिया है.
जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक शिक्षा मंत्रालय की बार-बार की नाकामियों और लद्दाख की संवैधानिक सुरक्षा की मांगों को सरकार द्वारा नजरअंदाज किए जाने के विरोध में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. इस बीच, कई शिक्षाविदों, लेखकों, कलाकारों और फिल्मकारों ने उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की है.
विवादास्पद परिसीमन विधेयक अप्रैल में विपक्षी एकजुटता के चलते संसद से पारित नहीं हो सका था. इस बार सरकार ने इसे आगामी सत्र के विधायी एजेंडे से दूर रखा है. फिलहाल इस सूची में विवादित 130वां संविधान संशोधन विधेयक, विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026, विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, जिस पर भाजपा शासित राज्यों ने भी आपत्ति जताई है – समेत कई अन्य विधेयक शामिल किए गए हैं.
ओडिशा के वार्षिक रथ यात्रा उत्सव के दौरान राज्य सरकार ने दो श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है, लेकिन भगदड़ जैसी किसी भी घटना की खबरों का खंडन किया है. वहीं, विपक्षी दल के नेताओं ने रथयात्रा के इंतज़ाम पर सवाल उठाए हैं.
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ ज़िले की एक 19 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है. पुलिस के अनुसार, छात्रा नीट-यूजी परीक्षा में अपने प्रदर्शन को लेकर तनाव में थीं. उल्लेखनीय है कि नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने और पुनर्परीक्षा की घोषणा के बाद देशभर में कम-से-कम 12 अभ्यर्थियों की आत्महत्या की ख़बरें सामने आई हैं.
केंद्र सरकार के कथित उदासीन रवैये के बीच जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर दायर जनहित याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि किसी भी नागरिक की ज़िंदगी क़ीमती होती है और उसे बचाने के लिए हरसंभव कोशिश की जानी चाहिए. कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया कि डॉक्टरों की सलाह के अनुसार वांगचुक को सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
नोएडा के सेक्टर-93 के गेझा गांव में मंगलवार रात सीवर की सफाई के लिए उतरे एक सफाईकर्मी की मौत हो गई, जिसके बाद सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और लापरवाही के आरोप सामने आए हैं. सीवर में सफाई के दौरान होने वाली मौतों को लेकर हाल ही में सफाई कर्मचारी आंदोलन के राष्ट्रीय संयोजक बेजवाड़ा विल्सन ने बताया था कि इस साल सीवर में मरने वालों की संख्या 100 के पार पहुंच गई है.
ओडिशा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कक्षा 1 से 8 तक की संशोधित नई पाठ्यपुस्तकों में बड़े पैमाने पर गलतियों के मामले में आपराधिक साज़िश के आरोप में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के पूर्व निदेशक मनोज कुमार पाढ़ी को गिरफ़्तार किया गया है. क्राइम ब्रांच द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि पाढ़ी ने उन्हें सौंपे गए आधिकारिक ज़िम्मेदारियों को ‘बेईमानी’ से निभाया.
पुणे की एक अदालत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के एक पदाधिकारी को ज़मानत देते हुए कहा कि हर नागरिक को सरकार के कार्यों पर टिप्पणी करने, उसकी सराहना या आलोचना करने का अधिकार है. यह मामला सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की कथित रूप से छेड़छाड़ की गई तस्वीरें प्रसारित करने तथा नक्सलियों के प्रति सहानुभूति दर्शाने वाली सामग्री पोस्ट करने संबंधी आरोपों से जुड़ा हुआ है.
ईडी ने महादेव बेटिंग मामले में दिल्ली भाजपा के आर्थिक सेल के संयोजक विकास गर्ग को गिरफ़्तार किया है. इस संबंध में कुछ दिन पहले ही उनकी 940.77 करोड़ रुपये की संपत्ति ज़ब्त की गई थी. इन संपत्तियों को अवैध सट्टेबाज़ी के कारोबार से हुई कमाई बताया गया है, जिसे 'गर्ग के स्वामित्व और नियंत्रण वाली कंपनियों में भेजा गया था.'
बीते 12 जुलाई को पश्चिम बंगाल के बारासात में ऑक्सिलियम सेल्सियन सिस्टर्स पर कथित भीड़ ने हमला किया था. अखिल भारतीय कैथोलिक संघ ने दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि पश्चिम बंगाल के कई ज़िलों में ईसाई संस्थानों और समुदायों के ख़िलाफ़ निशाना बनाकर किए जा रहे उत्पीड़न की बढ़ती और चिंताजनक पैटर्न का हिस्सा है.
अमेरिका के आरोप पत्र में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के लिए लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ज़िम्मेदार बताया गया है. कनाडा की एक अधिकारी ने भी कहा है कि इसमें भारतीय अधिकारियों की संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है. इससे पहले कनाडा सरकार ने आरोप लगाया था कि इसमें भारतीय सरकारी एजेंटों की भूमिका थी.
चढ़ावा चोरी और कथित ग़बन की जांच के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने मंगलवार को कहा कि वे अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे. उन्होंने माना है कि मंदिर में निगरानी में कुछ चूक ज़रूर हुई, लेकिन इसके लिए वे स्वयं को व्यक्तिगत रूप से ज़िम्मेदार नहीं मानते.
पटना हाईकोर्ट ने 9 जुलाई को एक व्यक्ति की बलात्कार के प्रयास के अपराध में हुई सज़ा रद्द करते हुए कहा था कि किसी महिला की सलवार उतारने की कोशिश और उसकी छाती दबाना बलात्कार की कोशिश नहीं माना जा सकता. अब सुप्रीम कोर्ट ने इस फैसले की आलोचना की और यौन अपराधों से जुड़े मामलों की सुनवाई के दौरान न्यायिक संवेदनशीलता बनाए रखने का निर्देश दिया.
मेटा ने द वायर की लॉरेंस बिश्नोई पर वीडियो रिपोर्ट और फिल्म 'चौहान' पर प्रकाशित एक टेक्स्ट रिपोर्ट को बिना पूर्व सूचना इंस्टाग्राम और फेसबुक से हटा दिया है. दोनों मामलों में हटाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया. यह पहली बार नहीं है जब द वायर की ख़बरों, वीडियो और व्यंग्य तक पहुंच को सीमित किया गया हो.